देवलोक दीपावली, सुंदर है त्योहार।
जगमग है काशी नगर , बने दीप ओंकार।।
त्रिपुरासुर का वध हुआ, देव हुए भयमुक्त।
शिव की नगरी हो गयी, दीप- माल्य से युक्त।।
काशी के हर घाट पर, होता मंत्रोच्चार।
लाखों दीपक सज गए, झूमते कुंभकार ।।
यह प्रकाश का पर्व है, यहॉं भरी है आस।
स्तुति हम देवों की करें, मन में रख विश्वास।।
कार्तिक के इस माह में, पावन दीपक दान।
जीवन उज्ज्वल ज्योत से, सबको दे सम्मान।।
तम का पिंजर तोड़कर, डोले नन्हें दीप।
ज्योत धारती वर्तिका, ज्यों मोती को सीप।।
चतुर्दशी बैकुंठ की, कार्तिक पावन माह।
शिव करते तुलसी ग्रहण, बिल्वपत्र हरि- चाह।।
ऋता शेखर मधु

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपकी टिप्पणियाँ उत्साहवर्धन करती है...कृपया इससे वंचित न करें...आभार !!!