सोमवार, 19 जनवरी 2015

पल का पंछी


पल का पंछी
-------------------
याद रखना नौनिहालों
बीता समय आता नहीं

पल का पंछी
भाग रहा है
सजग हमेशा
जाग रहा है

बिना परिश्रम कोई भी
सेव मीठे खाता नहीं

घडी के काँटे
डोल रहे हैं
कर लो उपयोग
बोल रहे हैं

धरा को तप्त हुए बिना
मेघ नभ में छाता नहीं

तन में ऊर्जा
भरी पड़ी है
विजयमाल ले
राह खड़ी है

ढीले तारों से कभी भी
संतूर राग गाता नहीं

याद रखना नौनिहालों
बीता समय आता नहीं
*ऋता शेखर मधु*

बुधवार, 14 जनवरी 2015

गुलमोहर की ओट

१८
धरती रानी सोहती, पहन हरित परिधान,
क्यारी क्यारी सज गए, सकल सलोने धान|
सकल सलोने धान, देख कृषक जिया हर्षा,
जुटा रही आहार, मस्त मतवाली वर्षा|
सावन की सौगात, सुता की गोदी भरती,
पहन हरित परिधान, सुहानी लगती धरती|
१७
आमंत्रण हर बूँद में, भेज रहा है मेह,
सावन में आओ बहन, भर धागे में नेह|
भर धागे में नेह, तिलक की रोली लाना,
देकर आशिष आज, धन्य हमको कर जाना|
नम हैं मधु के नैन, बाँचती नेह निमंत्रण,
लख भावज का प्रेम, मान लेती आमंत्रण|

१६
तुम ही मेरे राम हो, तुम ही हो घनश्याम
ओ मेरे अंतःकरण, तुम ही तीरथ धाम
तुम ही तीरथ धाम, भक्ति की राह दिखाते
बुझे अगर मन-ज्योत, हृदय में दीप जलाते
थक जाते जब पाँव, समीर बहाते हो तुम
पथ जाऊँ गर भूल, राह दिखलाते हो तुम

१५
गुलमोहर की ओट में, वह था खड़ा उदास,
तपता सूरज जेठ का, छीन रहा था आस|
छीन रहा था आस, सहेगा वह दुख कैसे,
हँसकर बोला फूल, सहो, सहता मैं जैसे|
निखरे मनु का रूप, मान का मिलता मोहर,
ज्यों सहकर के धूप, खिले दिनभर गुलमोहर 
१४
सीढ़ी पर है मंजिलें, देख सके तो देख,
पायदान की हर कथा, बने अमिट आलेख|
बने अमिट आलेख, अडिग हो चढ़ते जाओ,
है  प्रकाश हर ओर, हथेली में भर लाओ|
कदमों में आकाश, लिए चलती हर पीढी, 
देख सके तो देख, मंजिलें होती सीढ़ी |
………ऋता शेखर "मधु"

सोमवार, 12 जनवरी 2015

ओ बटोही...

चित्र गूगल से साभार
ओ बटोही रोज सवेरे
तुम मेरे घर आना
खोल अपनी लाल पोटली
जग में रश्मि बिखराना

नव मुकुलित पुष्पों से छनकर
स्वर्ण प्रभा बिखराते
पाकर उजास जग जग जाता
पंछी गीत सुनाते
जलते चुल्हे धुआँ उड़ाते
पंछी शोर मचाते

उषाकाल से सँझा तक तुम
अथक निरंतर जाना
करने को विश्राम पथिक
सिंधु में जा समाना

प्रभात से रजनी बेला तक
नव उमंग मिल जाती
साँझ ढले जब घर जाते हो
चंद्रप्रभा मुसकाती
निशा साँवरी हुई सलोनी
तारों से खिल जाती

दिनकर से पाकर आलोक
चाँद बना मस्ताना
अच्छा लगता है सूरज का
दानवीर कहलाना

मकर संक्रा़तिकाल कथा में
गंगा सागर मिलते
सूर्यदेव उत्तरायण होकर
धरती का तम हरते
सेहत वाली किरणें लेकर 
पादप सुन्दर खिलते

आदित्यराज से लें हम सीख
जगमग जग कर जाना
जेठ दोपहरी में हँसकर
अमलतास सा छाना
*ऋता शेखर 'मधु'*

गुरुवार, 1 जनवरी 2015

सांवरे की मनुहार


वसुधा मिली थी भोर से जब, ओढ़ चुनरी लाल सी।
पनघट चली राधा लजीली,  हंसिनी  की  चाल  सी।।
इत वो ठिठोली कर रही थी,   गोपियों  के साथ में ।
नटखट कन्हैया उत छुपे थे,   कंकड़ी  ले  हाथ  में ।१।


भर नीर मटकी को उठाया, किन्तु भय था साथ में ।
चंचल चपल इत उत  निहारें, हों   न   कान्हा  घात  में।।
ये भी दबी सी लालसा थी, मीत के दर्शन  करूँ।
उनकी मधुर मुस्कान पर निज, प्रीत को अर्पण करूँ।२।


धर धीर, मंथर चाल से वो, मंद मुस्काती चली ।
पर क्या पता था राधिके को, ये न विपदा है टली ।।
तब ही अचानक, गागरी में, झन्न से कँकरी लगी ।
फूटी गगरिया,  नीर फैला, रह  गई  राधा ठगी ।३।


कान्हा नजर के सामने थे, राधिका थी चुप खड़ी।
अपमान से मुख लाल था अरु, आँख धरती पर गड़ी ।।
बोलूँ न कान्हा से कभी मैं, सोच कर के वह अड़ी ।
इस दृश्य को लख कर किसन की, जान साँसत में पड़ी।४।


चितचोर ने झटपट मनाया, अब न छेडूंगा तुझे ।
ओ राधिके, अब मान भी जा, माफ़ भी कर दे मुझे ।।
झट  से  मधुर  मुरली  बजाई,  वो  करिश्मा  हो  गया ।
मनमीत की मनुहार सुनकर,  क्रोध  सारा  खो   गया ।५।


मनुहार सुनकर सांवरे की, राधिका विचलित हुई ।
हँसकर लजाई इस अदा पर, प्रीत  भी बहुलित हुई ।।
ये  प्रेम  की  बातें  मधुरतम,  सिर्फ़  वो ही जानते।
जो प्रेम से बढ़ कर जगत में, और कुछ ना मानते।६।
*ऋता शेखर 'मधु'*

रविवार, 28 दिसंबर 2014

कुछ फेसबुकिया पोस्ट



21 hrs · Edited · 
माँ...
बदल दिये मैंने घर के पुराने फर्नीचर
सिर्फ रख लिया है वह ड्रेसिंग टेबल
जहाँ तुम अपनी बिंदियाँ चिपका दिया करती थी
ऋता*

***********************************************************************************************************

हमेशा अनुमान लगाते रहना...झूठ बोलने से भी ज्यादा खतरनाक बीमारी है|
इस तरह के लोग हमेशा अपने अनुमान को शत प्रतिशत सही मानकर दूसरों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर देते हैं|
अनुमान तो अनुमान है... वह गलत भी हो सकता है|
जैसे गणित में ''मान लिया'' से लेकर ''सिद्ध हुआ" तक की प्रक्रिया में step wise हम सही equation के साथ बढ़ते जाते हैं
वैसा
जिन्दगी के अनुमान में नहीं होता, सिद्ध होने तक वह बीच में ही दम तोड़ देता है.........
.......साथ ही दम तोड़ देती है सामने वाले की सच्चाई !!
Like ·  · 
जख़्मों पर नमक छिड़कने वालो
अपने ज़ख्म बचाकर रखना.................
.
नमक खरीदते हुए मन में आया विचार 


**************************************************************

हाइगा...
एक प्रसिद्ध कवि की कविता पढ़ी थी इस भाव पर...नाम याद नहीं...
आज यह चित्र दिख गया तो याद आ गई वह कविता 

चाँद का कुरता 
हठ कर बैठा चाँद एक दिन,माता से यह बोला,
"सिलवा दो माँ,मुझे ऊन का मोटा एक झिंगोला.
सन-सन चलती हवा रात भर ,जाड़े में मरता हूँ,
ठिठुर-ठिठुर कर किसी तरह यात्रा पूरी करता हूँ.
आसमान की सफ़र और यह मौसम है जाड़े का,
न हो अगर तो ला दो,कुरता ही कोई भाड़े का"
बच्चे की सुन यह बात कहा माता ने,"अरे सलोने!
कुशल करें भगवान,लगें मत तुझको जादू टोने.
जाड़े की तो बात ठीक है,पर मै तो डरती हूँ.
एक नाप में कभी नही तुझको देखा देखा करती हूँ.
कभी एक अंगुल भर चौड़ा ,कभी एक फुट मोटा,
बड़ा किसी दिन हो जाता है और किसी दिन छोटा.
घटता-बढ़ता रोज किसी दिन ऐसा भी करता है,
नही किसी की भी आँखों को दिखलाई पड़ता है.
अब तू ही तो बता,नाप तेरी किस रोज लिवायें,
सी दे एक झिंगोला जो हर रोज बदन में आयें?"

****************************************************************************************************



मेरी बिल्ली मुझी से म्याऊँ
जभी उसको मैं सर चढ़ाऊँ
आतंकित किया पूरी दुनिया को
कहती अब मैं तुमको खाऊँ
.
भस्मासुर को वरदान देना शिव को ही महँगा पड़ गया था ।

बुधवार, 24 दिसंबर 2014

दर्द की पूर्णाहुति

मन के अपरिमित वितान पर
बिछे हुए हैं शब्द अथाह
कुछ कोमल कुछ तपे हुए
कुछ हल्के कुछ सधे हुए
अधर द्वार पर टिक जाते
निकल पड़े तो बिक जाते
सरस सौम्य अरु कोमल शब्द
कोई सके न उनको तोल
प्रताड़ित अभिशापित शब्द
सिमट जाते खुद घबराकर
प्रेरित करते ज्ञानी शब्द
बन जाते अनमोल कथन
वर्ण से वर्ण जोड़ चले हो
अभिमानी को तोड़ चले हो

शब्द मूक तभी तक होते
जब तक सोते सुख की नींद
दर्द गंगोत्री बन जाता जब
निकल पड़ती धारा अनेक
शुष्क शब्दों को मिलत
नमी का साथ और
बन जाती है मधुर कविता
प्यारी सी नज़्म
या कोमल राज भरी ग़ज़ल
कुछ प्रेरणादायक छंद
या फिर व्यंग्य
चुभ जाने के लिए
हृदय की कोमल परत पर
बन जाते हैं गहरे निशान
और इसी निशान से रिसती है
रक्तबीज की तरह
एक के बाद एक अभिव्यक्ति
हो जाती है दर्द की पूर्णाहुति|
*ऋता शेखर 'मधु'*

रविवार, 21 दिसंबर 2014

भटकन - लघुकथा


भटकन-
''नेहा, आज शाम को मुकेश के यहाँ पार्टी है, उसकी बेटी का जन्मदिन है, तैयार रहना'',दफ्तर से पंकज ने फोन किया|
''मगर मैं कैसे जा पाऊँगी, माँजी घर में अकेली रह जाएँगी'',नेहा ने मद्धिम स्वर में कहा|
''तो फिर ठीक है, मैं ही चला जाऊँगा'', कहकर पंकज ने फोन काट दिया|
नेहा की सास चलने फिरने से लाचार थी| ऊच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से पीड़ित थी| इस कारण उनपर हमेशा ही निगाह रखनी होती थी| नेहा एक समझदार बहु और पत्नी थी| सास की देखभाल में कोई कमी नहीं रखती| मगर इधर कुछ दिनों से उसे तब कोफ़्त होती जब वह उनके कारण कहीं जा नहीं पाती| उस वक्त वह खुद को बँधा ब़ँधा महसूस करती| इसके लिए विरोध के स्वर भी उठने लने लगे थे| पंकज भी चुप रह जाता| माँ को वह कहाँ भेजता| माँ से वह बहुत प्यार करता था और उनकी इज्जत करता था| पिता के गुजर जाने के बाद वही माँ का इकलौता सहारा था|

एक दिन नेहा ने कह दिया,’’अब मैं और बंधन में नहीं रह सकती, माँजी को वृद्धाश्रम छोड़ आओ’’|

पंकज नेहा की बात सुनकर अवाक रह गया| उसने कुछ नहीं कहा और घर से बाहर निकल गया|
दूसरे दिन उसने माँ को समझाकर वृद्धाश्रम जाने के लिए तैयार कर लिया| माँ थी न, घर की शांति के लिए दुखी मन से तैयार हो गई| नेहा ने भी कहा अवश्य था किन्तु उसका मन धिक्कार रहा था| फिर भी उसने सोचा कि एक बार दिल पर पत्थर रखकर यह हो गया तो वह आजाद हो जाएगी|
दूसरे दिन जब माँ घर से जाने वाली थीं तभी नेहा के मायके से फोन आया| नेहा के भाई ने कहा,’’नेहा, घर अाकर अपनी माँ से मिल लो, हम अभी माँ को लेकर वृद्धाश्रम जा रहे हैं’’|
नेहा को रोना ¨आ गया, ‘’क्यों भइया’’?
‘’तेरी भाभी अब बन्धन में नहीं रह सकती’’|
नेहा चुप रह गई| थके थके कदमों से वह सास के पास गई और रोने लगी|
‘’माँजी, मुझे माफ कर दें, आपको खोकर मैं भी मैं खुश नहीं रह सकती|’’
सास ने नेहा को गले से लगा लिया|
इधर फोन पर पंकज नेहा के भाई को धन्यवाद दे रहा था|
*ऋता शेखर 'मधु'*