शनिवार, 4 जनवरी 2014

नए वर्ष का हुआ विहान - चौपई छंद

चौपई छंद - १५ मात्राओं के साथ अन्त में गुरु लघु



१.
नए वर्ष का हुआ विहान|
गिरधर छेड़ो अपनी तान||

नहिं नारी का हो अपमान|
कुछ ऐसा ही रचो विधान||

*****************

२.
वर्ष नवल आया है द्वार|
लेकर खुशियों का भंडार||
अनुपम है रब का उपहार|
सूर्य नवल कर लो स्वीकार||

******************

३.
ज्यूँ कान्हा की बात सुनाय
हिय राधे का बहु अकुलाय
विकल नैन पुनि भरि भरि जाय
प्रीत विदुर की समझ न आय|

*******************

४.
गाए ग़ज़ल हृदय की पीर|
कविता में नैनों का नीर||
व्यथित नज़्म खो देती धीर|
छंद बने बातों के वीर||

********************
५.
तरुवर से मिलती है छाँव|
कहत सरोवर धो लो पाँव|
सरस सुहावन मेरा गाँव|
पथिक सदा रुक पाते ठाँव|
***************************
६.
धरती का प्यारा परिधान|
गेहूँ सरसों झूमे धान|
गुलमोहर ने रख ली शान|
रखें सदा भारत की आन|
******ऋता

गुरुवार, 2 जनवरी 2014

गुलाब...



नए वर्ष की प्रथम पोस्ट के रूप में गुलाब पर आधारित रचना पेश है.....आप सभी का जीवन गुलाब जैसा कोमल हो और गुलाब की खुश्बू जैसे रिश्ते अपनी सुगंध  बिखेरते रहें...शुभकामनाएँ सभी को !!

गुलाब......

खुश्बू संग रंग भी देखो|
जीवन की तरंग भी देखो|
बीच कंटकों के पनप रहा,
गुलाब की उमंग भी देखो|

फूल देते हाथ भी देखो|
दोस्तों का रुआब भी देखो|
किया है स्वीकार जब इसको,
निभाने का ख्वाब भी देखो|

चाचा की लिबास भी देखो|
सुरभित एहसास भी देखो|
गुलाब से कोमल हों बच्चे
जवाहर की आस भी देखो|

पुष्प की मधुर ताजगी भी देखो|
काँटों की नाराजगी भी देखो|
देवताओं के शीश है सोहता,
गुलाब की पाकीज़गी भी देखो|

................ऋता

आ० दिगम्बर नासवा सर...मैं आपकी पोस्ट पढ़ती तो हूँ पर कमेंट नहीं दे पा रही क्योंकि मैं गूगल+ पर नहीं हूँ...यदि आप मेरी इस रचना पर आते हैं तो आपसे निवेदन है कि साधारण वाला कमेंट बॉक्स लगाएँ अपने ब्लॉग पर...साभार !!

रविवार, 29 दिसंबर 2013

तुम रहोगे दिल में हमारे...

अलविदा २०१३
स्वागतम् २०१४

नींद भरी आँखें
सहला रहा कोई
टपकी है गालों पर
इक बूँद नन्ही सी

मैं जा रहा हूँ
करोगे न याद मुझे
साथ रहा है
तीन सौ पैंसठ दिनों का

मुझे याद रहेगी
तुम्हारी छुअन
पलट देते थे पन्ने 
हर पहली तारीख़ को

देखते थे
महीने की छुट्टियाँ
सारे व्रत त्योहार
और दूध का हिसाब

लगाते थे निशान
कब गैस बदली
कब आएगी बेटी
कब किसका है दिन खास

कैसे भूलूँगा मैं
जन्मदिन तुम्हारा
वर्षगाँठ शादी की
सी एल की तारीखें

कैसे भूल पाऊँगा
तुम्हारी आतुर आँखें
सैलरी के लिए
महीने का बदलना

फिर से सहलाया कैलेंडर ने
करोगे न याद मुझे
माना कि दी हैं हमने
कुछ कड़वाहटें भी

पर दिया है साथ में
पगडंडियाँ भी
गुलमोहर भी खिले
शब्दों से संबाद हुआ

आँखें हमारी नम हो गईं
तुम रहोगे दिल में हमारे
कहीं कोई शिकवा नहीं
न ही है कोई मलाल

खुशी खुशी जाओ मेरे भाई
सहेज कर रखेंगे
हर चहकता लम्हा
तुम्हारी सूर्य रश्मियाँ

धरती २०१३ की 
विस्तार नभ का २०१४
करना मुट्ठी में संसार
मिलेंगी खुशियाँ अपार...

नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ !!
..............ऋता




शनिवार, 14 दिसंबर 2013

न देखा है राम को न ही कृष्ण को देखा


1.
न देखा है राम को न ही कृष्ण को देखा|
सिर्फ़ नाम जपने से बदले विधि का लेखा|
मौत शरीर की होती नाम कभी न मरता,
नाम न बदनाम हो, बने ऐसी ही रेखा|
2.
आँख का अंधा नाम नयन सुख|
कड़वी है बोली नाम मृदुमुख|
नाम जैसा व्यवहार चाल हो,
तभी कोई बन जाता मनसुख|
3.
अंतरजाल की दुनिया में हम सभी एक नाम हैं|
जैसे भक्ति के संसार में एक राम एक श्याम हैं|
कोई किसी से न मिले न कोई सुने किसी के बोल,
नाम से ही चल रहे फ़ेसबुक के ग्रुप अविराम है|
4.
करके हमको माफ, राम अब तो सुधि लीजे|
मन में भरा अज्ञान, थोड़ी भक्ति तो दीजे|
तुम बिन मिले न थाह, भव का सिंधु है गहरा,
ऐसा कर दो आप, हो सुविचार का पहरा|
5.
ममता भरा आँचल सुहाना, गोद में संसार है|
संतान की हरती बलाएँ, त्याग अपरम्पार है||
माता, सदा हो हाथ सिर पर, सोख लो मेरी नमी|
प्रभु की जगह तुम हो धरा पर, कौन सी है फिर कमी||
6.
टूटे दिलवालों ने जब भी 'आह ' कहा|
मुस्कुराकर जमाने ने हमेशा 'वाह' कहा|
सर्द हो जम सी गई जब  वेदनाएँ सारी ,
दुनिया ने उसे कविता का 'प्रवाह'कहा|
7.
लक्ष्मण रेखा पार कर हरी गई परिणीता
वेदना  में भर राम पुकारें हा सीता! हा सीता!
करुणा से व्यथित हुआ जंगल का हर कोना
शोकाकुल वनवासी को जग लगे रीता रीता|
.......................ऋता

शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013

मानस पटल...















मानस पटल...

मानस पटल की दो बहनें
एक है आशा एक निराशा
साथ साथ वे चलती थीं
बंधन भी था बड़ा अटूट

जीवन का था प्रश्न जटिल
सुलझाने में हुई मुश्किल
दोनों में हो रहा संवाद
हर्ष मिले या मिले अवसाद

आशा आशापरक रही
निराशा मन की बनी कुटिल
एक राह को सीधी रखती
एक उसे कर देती वक्र

उथल पुथल मचता जब मन में
त्वरित गति होती धड़कन में
सही गलत बस मन ही जाने
सीमा भी मन ही पहचाने

आस-निराश दो तट हैं जानो
अश्रु को भाव की धारा मानो
विलय कहाँ होना है इसको
शांत चित से ही तुम ठानो|
............ऋता

रविवार, 1 दिसंबर 2013

सन्नाटा...

सन्नाटा...

सनसना रहा  बाहर का सन्नाटा
मन के भीतर  बवंडर शोर का
कितना शांत कितना क्लांत तू
अपेक्षाओं के बोझ तले दबा
उस शोर से क्या कभी 
पीछा छुड़ा पाएगा
जो तुम्हे धिक्कारता है 
जब भी समय की कमी से 
बूढ़े पिता की आँखें नहीं जँचवाता
उनकी दुखती हड्डियों को
प्यार से नहीं सहलाता
कभी उस बहन को नहीं देख पाता
जो अपने प्यारे भाई के लिए
राखी की लड़िया सजाए
इंतेजार करती है 
कसूर तेरा  नहीं
पर उनका भी तो नहीं|
...........ऋता

बुधवार, 27 नवंबर 2013

घटाघोप अंधकार में एक किरण लहराई



१.अफवाह....
बात बात की बात में बातें बन गईं परवाज|
सच्ची झूठी बातों से अफवाहों का हुआ आगाज|
धरती से उड़कर बातें पहुँची दूर गगन  के पार,
बातों को मिल गई भीड़ की चटपटी आवाज|

२.आशा.........
घटाघोप अंधकार में एक किरण लहराई
तिमिर घिरे मन पर झट खुशियों की लाली छाई
दूर कहीं कोने में सिमटा जल रहा था दीपक
खुद पवन से जूझ उसने सबको राह दिखाई|

३.रोला मुक्तक......
राधा के मनमीत, यशोदा के हैं प्यारे|
नंद गोप के लाल, बिरज के राजदुलारे|
दीनों के वो नाथ, सहारा हैं दुखियों के,
रखें हृदय में आस,हरेंगे वे दुख सारे| 

४.मुक्तक....
भर के नीर नयनों में वन में थे भटक रहे|
हर तरु हर पात पर राम जी थे अटक रहे|
पूछते थे कण कण से,'मेरी सीते कहाँ गई',
विरह की यही वेदना लंकाकांड के घटक रहे|
(घटक-. कोई चीज घटित करने, बनाने या रचनेवाला)

५.
आसमाँ में टूटता एक सितारा देखा
दुआ माँगता हुआ एक बिचारा देखा

सबको ही पड़ी है अपनी अपनी
किसी के लिए न कोई सहारा देखा

६.
कहावतें यूँ ही नहीं बना करतीं...
नेकियाँ दरिया से नहीं ठना करतीं...
जब कई अनुभवें झेलती ज़िन्दगी...
तब टेढ़ी अँगुलि घी में सना करती...

७.मुक्तक....
अरुणाचल की लालिमा लिपटी भोरमभोर
मनभावन खगगान से जगी धरा चहुँओर
जाने को निज काम पर होती भागमभाग
उठा रसोई से धुँआ कलछी करती शोर
८.
हिसाब से ही खाइए...दूर रहेंगे मर्ज|
खर्च पर कंट्रोल रहे...नहीं चढ़ेंगे कर्ज|
बस मीठे दो बोल हों...और दया का भाव
रिश्तों में सुकून मिले...निभ जाएँ जो फ़र्ज|
९.
लम्हा लम्हा ज़िन्दगी गुजरती रही
उम्र भी लम्हा लम्हा पिघलती रही
लौ आस्था की जो जलाई थी हमने
लम्हा लम्हा वही तो निखरती रही|
१०.
ह्म वेला में प्राची ने ............नारंगी कालीन बिछाई
स्वर्णिम चूनर ओढ़ ठुमक के उषा प्यारी भी इतराई 
पायल नव वधुओं की झनकी खनक गये उनके कँगना
पंछियों के मधुर कलरव संग चूल्हे ने ली अँगड़ाई||.
...................................................ऋता शेखर 'मधु'