शुक्रवार, 19 दिसंबर 2014

जलता दीपक द्वारे द्वारे

राम सिया अरु लखन पधारे
जलता दीपक द्वारे द्वारे

अवधपुरी में मनी दिवाली
उजली हुई जो निशा थी काली
रघुवर जी को राह दिखाने
झूम रही थी लौ मतवाली

बने घरौंदे प्यारे प्यारे
सजे खिलौने न्यारे न्यारे
जलता दीपक द्वारे द्वारे

नीली हरी लाल रंगोली
घर की चौखट भी खुश हो ली
कुलिया चुकिया लावा फरही
ले हाथौं में मुनिया डोली

अम्बर जैसे चाँद सितारे
आज धरा पर निखरे सारे
जलता दीपक द्वारे द्वारे

दीपों की पाँतें झूम रहीं
अँगना में चकरी घूम रहीं
जगमग जगमग कंदीलों पर
कीटें भी लौ को चूम रहीं

पावन निर्मल पर्व हमारे
ध्रुवतारा भी हमें निहारे
जलता दीपक द्वारे द्वारे

मन के भीतर हो उजियारा
जीवन पथ पर तम भी हारा
ज्ञान ध्यान की लगन लगी है
कहाँ टिकेगा फिर अँधियारा

लछमी पूजन साँझ सकारे
संध्या दीपक सुबह सँवारे
जलता दीपक द्वारे द्वारे
*ऋता शेखर 'मधु'*
अनुभूति पर दीपावली विशेषांक में यह गीत प्रकाशित है........लिंक नीचे है.....

बुधवार, 17 दिसंबर 2014

"हिन्दी समालोचना: उद्भव, विकास तथा स्वरूप''

आलोचना या समालोचना किसी वस्तु/विषय की, उसके लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए, उसके गुण-दोषों एवं उपयुक्ततता का विवेचन करने वाली साहित्यिक विधा है। 
हिंदी आलोचना की शुरुआत १९वीं सदी के उत्तरार्ध में भारतेंदु युग से ही मानी जाती है। 
कबीरदास ने भी निंदक को नियरे रखने की बात कही है, इससे पता चलता है कि व्यक्तित्व में निखार लाने के लिए, रचना में निखार के लिए आलोचना का बहुत महत्व है|
आलोचना- किसी कृति या रचना के गुण-दोषों का निरूपण या विवेचन करना। 
समालोचना- साहित्यिक कृतियों के गुण-दोष विवेचन करने की कला या विद्या।
सरल शब्दों में हम यह कह सकते हैं कि जब हम किसी बात को साधारण तरीके से कहें तो कथ्य और कलात्मक तरीके से कहें तो कविता या कहानी होती है वैसे ही|
जब से समाज बना, सभ्यता का विकास होने लगा, लेखन की ओर ध्यान जाने लगा तो अपनी अपनी सोच या सामाजिक परिस्थिति क के अनुसार साहित्य की रचनाएँ सामने आने लगीं| उन रचनाओं एवं विचारों से सबका सहमत होना जरूरी नहीं था| इस तरह से साहित्य में गुण-दोष विवेचन की प्रवृति जन्म लेने लगी और आलोचना की जरूरत महसूस हुई जिससे नकारात्मकता पर अंकुश लगाई जा सके|
आधुनिक आलोचक डॉ श्यामसुन्दर दास के अनुसार, “साहित्यिक क्षेत्र में ग्रन्थ को पढ़कर उसके गुण-दोष का विवेचन करना और उसके सम्बन्ध में अपना मत प्रकट करना आलोचना कहलाता है। यदि हम साहित्य को व्याख्या मानें तो आलोचना को उस वयाख्या की व्याख्या मानना पड़ेगा।’’
आलोचना की इस परिभाषा पर किसी को आपत्ति नहीं होगी। संस्कृत शब्द ‘आलोचना’ का शब्दार्थ है - ‘गुण-दोष का विवेचन’, ‘परख’ या ‘समीक्षा’। पाश्चात्य और संस्कृत आलोचना पद्धतियों में सुन्दर सामंजस्य स्थापित करते हुए हिन्दी की आधुनिक आलोचना शुरु हुई।
आलोचना और समीक्षा पर्याय ही हैं, समीक्षा में बात रोचक तरीके से रखी जाती है जिसमें आलोचक का अपना मत भी शामिल होता है कि रचना की बेहतरी के लिए और क्या किया जा सकता है|
दूसरे शब्दों में हम कह सकते है आलोचना वह कर सकता है जिसे उस विधा की व्याकरणीय सम्यक जानकारी हो किन्तु समीक्षा वही कर सकता है जिसे व्याकरणीय जानकारी तो हो ही ,साथ ही वह स्वयं भी उस विधा विशेष में पारंगत हो
आलोचना अथवा समीक्षा के मूलतः दो भेद हैं - साहित्यिक एवं वैज्ञानिक समीक्षा।
साहित्यिक समीक्षा में आलोच्य पुस्तक पर आलोचक निजी अनुभूतियों एवं धारणाओं को कलात्मक शैली में प्रस्तुत करते हैं, जबकि वैज्ञानिक समीक्षा में आलोचक आलोच्य पुस्तक का प्रामाणिक विश्लेषण करते हैं और संतुलित निर्णय देते हैं।
वर्गीकरण के आधार पर हिन्दी समालोचना के दो वर्ग हो सकते हैं - सैद्धान्तिक तथा व्यवहारिक।
1. सैद्धांतिक आलोचना-"...युगीन साहित्य के आधार पर साहित्य.संबंधी सामान्य सिद्धांतों की स्थापना का प्रयास किया जाता है...। "मानविकी पारिभाषिकी कोश, साहित्य खंड, पृ.65)

2. व्यवहारिक आलोचना-जब सिद्धांतों के आधार पर साहित्य की समीक्षा की जाय, तो उसे व्यावहारिक आलोचना का नाम दिया जाता है। व्यावहारिक आलोचना कर्इ प्रकार की हो सकती है-

व्यावहारिक आलोचना कर्इ प्रकार की हो सकती है-

व्याख्यात्मक आलोचना- गूढ़.गंभीर साहित्य.रचना के विषय, उसकी भाषा, शिल्प को सरल.सुबोध भाषा में स्पष्ट करना।

जीवन चरितात्मक आलोचना- किसी भी रचनाकार का साहित्य किसी न किसी रूप और किसी न किसी मात्राा में उसके अपने जीवन, घटनाओं से प्रभावित होता है। अतएव जीवन.चरितात्मक आलोचना में किसी रचनाकार की कृतियों का उसके जीवन और विशिष्ट घटनाओं की पृष्ठभूमि में मूल्यांकन किया जाता है।

ऐतिहासिक आलोचना-ऐतिहासिक आलोचना के अंतर्गत वे आलोचनाएँ आती हैं जिनमें किसी रचना का मूल्यांकन रचनाकार की जाति, वर्ग और उसके समाज के आधार पर किया जाता है। इस आलोचना.पद्धति का आरंभ प्रसिद्ध इतिहासकार तैन ने किया था।

रचनात्मक आलोचना- रचनात्मक आलोचना वह कहलाती है जब आलोचक किसी रचना या साहित्यकार के संपूर्ण साहित्य को आधार बना कर आलोचना तो करता है किंतु वह आलोचना उस रचना या साहित्य की मात्रा व्याख्या या स्पष्टीकरण नहीं होती बलिक पाठकों को वह आलोचना स्वतंत्रा रचना का सा आनंद प्रदान करती है।

प्रभाववादी आलो
चना-प्रभाववादी आलोचना में आलोचक कृति को भूलकर उसके द्वारा उपन्न प्रभाव की मार्मिक आलोचना करने में तत्पर होता है।-डा. नगेन्द्र

तुलनात्मक आलोचना- जब किसी रचना या साहित्य की तुलना किसी अन्य रचनाकार, या किसी दूसरी भाषा के साहित्य से की जाए तो तुलनात्मक आलोचना होती है।

सैद्धांतिक आलोचना का विकास मध्यकाल में हो गया था। अकबर के दरबार में कुछ दरबारी कवियों ने काव्य विवेचन में रसिकता को महत्त्व दिया। केशवदास के विवेचन में काव्य-शास्त्र की शिक्षा देने की नियति थी। तत्पश्चात हिन्दी साहित्य में समीक्षा के जन्मदाता भारतेन्दु हरिश्चन्द्र दिखाई पड़ते हैं, जिन्होंने 1883 में ‘नाटक’ लिखकर हिन्दी साहित्य की आलोचना में एक नई शुरुआत की। तत्पश्चात समालोचना में नव-विकास हुआ और आलोचना के स्वरूप में कई नए तत्त्वों के समावेश हुए। हिन्दी समीक्षा गम्भीर होने लगी तथा अंग्रेजी समालोचना का प्रभाव पड़ने लगा।
ड्राइडन (1631-1700) अंग्रेजी के प्रमुख गद्यकारों में थे। उनकी आलोचना शैली सुलझी हुई और सुव्यवस्थित थी। वह चिंतन को सहज और तर्कसंगत अभिव्यक्ति देते हैं। 
समय के साथ साथ हिन्दी आलोचना में भी तर्कसंगत स्पष्टता का प्रभाव दिखने लगा|
आलोचना का पुस्तकरूप ‘हिन्दी कालिदास की आलोचना’ महावीर प्रसाद द्विवेदी ने लिखी। उसी समय ‘नैषध-चरित चर्चा’, ‘विक्रम-चरित-चर्चा’ नामक पुस्तकें भी आईं। परन्तु आचार्य रामचन्द्र शुक्ल ने कहा – इन पुस्तकों को एक मुहल्ले में फैली बातों को दूसरे मुहल्लेवालों को परिचित कराने के प्रयत्न के रूप में समझना चाहिए, स्वतन्त्र आलोचना के रूप में नहीं। द्विवेदी जी ने ‘कालिदास की निरंकुशता’ में निर्णयात्मक आलोचना प्रस्तुत की। हिन्दी में वैज्ञानिक समालोचना के जन्मदाता आचार्य रामचन्द्र शुक्ल माने गए हैं। उनके समय से हिन्दी समालोचना में क्रान्तिकारी परिवर्तन हुए। उन्होंने ‘हिन्दी साहित्य का इतिहास’, ‘तुलसीदास’, ‘जायसी’, तथा ‘सूर’ पर समालोचना लिखकर इसे नया आयाम दिया, जो हिन्दी समालोचना का चरम माना गया। उन्होंने लेखकों और कवियों के मनोभावों का सूक्ष्म निरीक्षण कर पूरे पाण्डित्यपूर्ण तरीके से आलोचना की एवं अलंकार-शास्त्र को मनोवैज्ञानिक तरीके से प्रस्तुत किया।
आलोचना के मापदंड समय, परिसिथति के अनुसार बदलते रहे हैं। भारतीय काव्यशास्त्रों के विभिन्न संप्रदायों (रस, ध्वनि, अलंकार, वक्रोक्ति) के आचार्य इस विषय पर चर्चा करते रहे हैं कि काव्य की आत्मा क्या हो? भक्तिकाल में अनुभूति काव्य की कसौटी रही तो रीतिकाल में चमत्कार ओर कलाकारी। आधुनिक काल में सामजिक यथार्थ और उस की अभिव्यक्ति आलोचना का केन्द्र बनी। दृषिट, विषय और अभिव्यä मिें बदलाव आया, सौंदर्य के प्रतिमान बदले, कविता छंदों के बंधन से मुक्त हुर्इ और उसमें आंतरिक लय की खोज की जाने लगी। परंपरागत धीरोदात्त नायकों और सुंदर.कोमल नायिकाओं का स्थान आम आदमी ने ले लिया, उसके संघर्षों में सौंदर्य दिखार्इ देने लगा। तदनुसार आलोचना के मानदंड भी समय, सोच और परिसिथति के अनुसार बदलते रहते हैं।
 रचनाकार और आलोचक का सम्बन्ध गुरु -शिष्य जैसे होना चाहिए |
आलोचना में कोई भी पूर्वाग्रह नहीं होना चाहिये, ना तो लेखक की तरफ से और ना ही आलोचक के दिमाग में।
रचनाकार को आलोचना उतना ही स्वीकार करनी चाहिए जितना उसका दिल स्वीकार करे| आलोचक को भी धैर्यपूर्वक लेखक की बात समझना चाहिए और उसे प्रतिष्ठा का विषय नहीं बनाना चाहिए|
अत्यधिक आलोचना कभी कभी रचनाकार को हतोत्साहित भी कर देती है| ऐसी स्थिति से दोनो को बचना चाहिए|
आलोचकों को भाषा शैली में दुरूहता, अस्पष्टता एवं जटिलता से बचना चाहिए। 
आलोचना हमेशा स्पष्ट, निर्भीक एवं ईमानदार होनी चाहिए।
*ऋता शेखर ‘मधु’*

मंगलवार, 16 दिसंबर 2014

नेकियों का शहर

कह रहे इसे
नेकियों का शहर
बरपाया कौन
यहाँ पर कहर

काटे जाते
वन हरे हरे
ढोती नदिया
शव सड़े सड़े
सहमी सहमी सी चली हवा
सुबकी सुबकी सी लगी फिजा

मौन सनसनी
दिखे हर पहर

वन्य जातियाँ
खोजतीं निशाँ
भूले मयूर
मेघ आसमाँ
बुलबुल उदास शोक में समाँ
उठा सब तरफ धुआँ ही धुआँ

घुला साँस में
ज़हर ही ज़हर

बरपाया कौन
यहाँ पर कहर
कह रहे इसे
नेकियों का शहर
*ऋता शेखर 'मधु'*

शनिवार, 13 दिसंबर 2014

एक मुट्ठी आसमान ....

एक मुट्ठी आसमान ....
कल रात सपने में मिला
मेरे हिस्से का आसमान
भगवान ने कहा, 
यहाँ जो भी सजाना चाहो
जैसे भी सजाना चाहो
वह तुम्हारी मर्जी है
मैंने झट से सूरज उठाया
उसे टाँगकर सोचा
अब कभी रात न होगी
फिर अगले ही पल लगा
हमेशा दिन रहेगा तो
हमेशा काम भी करना होगा
फिर आराम का क्या होगा?
मैंने उठा लिया चाँद भी
इसका होना जरूरी है
दिनभर का थका आदमी
चाँदनी की शीतलता में सोकर
तरोताजा हो जाएगा
आसपास पड़े सितारे
टिम टिम कर ठुनकने लगे
हम बच्चों को प्यारे
हमको बच्चे प्यारे
बड़े जतन से हमने
उनको भी टिकाया
तभी बादल का एक टुकड़ा
तरह तरह की आकृतियाँ बनाता
गुहार करने लगा अपने स्थान के लिए
रूई के फाहे जैसे मेघ को
आकाश पर बैठा दिया
ताकि बनी रहे रिमझिम फुहार
धरती को ठंढ़ाने के लिए
इस तरह हमने फिर से
वैसा ही आसमान बना लिया
जैसा उस प्रभु ने दिया था
जिनके सामने हम
शिकायतों की ढेर लगाते हैं
और माँगते हैं अपने लिए
एक मुट्ठी आसमान !!
*ऋता *

सोमवार, 8 दिसंबर 2014

अभिवंचित...


अभिवंचित...

कुछ उनके दिल की सुनें
कुछ उनके मन को गुनें
त्रुटिपूर्ण तन मन से हम
चलकर कोई ख्वाब चुनें|

बन्द हैं दृगों के द्वार
स्याह है जिनका संसार
उनके अंतस-ज्योति में
संग चलें पग दो चार|

ब्रम्हा ने जिह्वा दी नहीं
दे देते पर नजर अपार
अभिव्यक्ति की अकुलाहट में
भर दें हम तो शब्द हजार|

भूलवश जो बधिर बने
देखें बोलें पर ना सुनें
इशारों ही इशारों में हम
अधरों पर हँसी भर दें|

किन्नर भी माँ की संतान
फिर क्यूँ ले आते मुस्कान
बोझिल मन को लें हम तोल
उनसे मीठे बोलें बोल|

बौनापन जो झेल रहे
उपहासों में खेल रहे
तन लघु मन के निर्मल
कभी उनसे न करना छल|

काया की अपूर्णता को
कभी समझना न अभिशाप
वामन अवतार ले विष्णु ने
गर्वित बलि को दिया संताप|

पीछे जो लौटे भूचक्र
वहाँ दिखेंगे अष्टावक्र
चारो वेदों के ज्ञाता रचते
गीता का अध्यात्म चक्र|

ईश्वर ने भरी जिनमे पूर्णता
क्यों भर जाती उनमे हीनता
नैन कद कंठ चक्षु के स्वामी
भाव भरे हैं मतलबी बेमानी

लम्बी काया सोच में बौने
नजर वाले करते औने पौने
पाई जिह्वा मीठा न बोलें
सुनने वाले मुँह न खोलें

ईश्वर जिनमें देते कमियाँ
भरते आत्मबल की कलियाँ
कभी देखकर मुँह न मोड़ो
दे कर प्रेम आशिष को जोड़ो
.........ऋता शेखर 'मधु'

बुधवार, 3 दिसंबर 2014

वह प्यारी सी लड़की...

वह प्यारी सी लड़की...

वह प्यारी सी लड़की
भरना चाहती थी
आँचल में अपने
एक मुट्ठी आसमान
ब्रह्म से सांध्य निशा तक
पूर्व से पश्चिम दिशा तक
गगन का हर रंग
प्राची का हर छंद
इंद्रधनुषी ख्वाब
बटोर लाती आँचल में|

प्रात की मधुरिम बेला 
वेद ऋचा का गान लिए
पवित्र सी मुस्कान लिए
चकित देखती ध्रुवतारा
तोड़ लाती किरन एक
पिरो देती मुस्कुराकर
पंखुड़ियों पर बिखरे
कोमल शबनमी मोती
मखमली आँचल बनाती 
वह प्यारी सी लड़की|

भरी दोपहरी में
निज साया सिमटता
अपने ही आसपास
माँग लाती सूरज से
तपता सा लाल धागा
पिरो देती हुलसकर
दिव्य श्रम बिंदु
दिप दिप करता आँचल
देख देख इतराती
वह प्यारी सी लड़की|

शांत क्लांत साँझ नभ से
माँग लाती उधार
सुरमई सांतरी तार
टपक जाते स्निग्ध दृगों से
इंतेजार के मोती चार
मौन दर्द का साक्षी बन
मधुर मिलन नैनों में भर
झिलमिल झिलमिल
फैला लेती थी आँचल
वह प्यारी सी लड़की|

निशा की मूक बेला में
फलक से इकरार कर
चंदा से मनुहार कर
चट से तोड़ लाती
चाँदनी की ओढ़नी से
एक किरन रुपहली सी
टाँक कर तारे सितारे
अपने अम्बर आँचल पर
पुलकित हो जाती
वह प्यारी सी लड़की|

नव सृजन का प्रसव झेल
नींद के आगोश से निकल
नव प्रात की अँगड़ाई ले 
चहक जाती देखकर आँचल
अपरिमित विस्तार तले
गौरैया बुलबुल तितलियाँ
नन्हे छौने मृगों के
निर्भीक निडर सुरक्षित
उनकी नजरें उतारती
वह प्यारी सी लड़की|

अम्बर में फैले चार पहर|
कह जाते जीवन का सफर||
..............ऋता शेखर 'मधु'

शुक्रवार, 28 नवंबर 2014

सखी री..........

सखी री..........

भ्रमर ने गीत जब गाया
पपीहा प्रीत ले आया
शिखी के भी कदम थिरके
सखी री, फाग अब आया |
बजी जो धुन मनोहर सी
थिरक जाए यमुन जल भी
विकल हो गा रही राधा
सखी री मोहना आया|
कली चटखी गुलाबों की
जगे अरमान ख़्वाबों के
उड़ी खुशबू फ़िजाओं में
सखी ऋतुराज है आया|
गिरे थे शूल राहों में
खिले थे फूल बाहों में
ख़ता उसकी न तेरी थी
सखी बिखराव क्यूँ आया|
झुके से थे नयन उसके
रुके से थे कदम उसके
किया उसने इबादत भी
सखी री काम ना आया|
मिला जो वह बहारों में
लगा अपना हजारों में
जहाँ देखे वहाँ वो था
सखी ढूँढे नजारों में|
....ऋता शेखर 'मधु'

मंगलवार, 25 नवंबर 2014

परिवर्तन


अपनी ही तपन
वह झेल न पाता
साँझ ढले 
सागर की गोद में 
धीरे से समाता
नहा धो कर 
नई ताजगी के साथ 
वह चाँद बन निकल आता
चाँदनी का दामन थाम
शुभ्र उज्जवल प्रभास से
जग को 
शीतल मुस्कान दे जाता
हाँ, साँझ ढलते ही 
वह प्रेमी  
प्रेमिका का 
उपमान बन
बच्चों का मामा बन जाता
तब वह रौद्र सूरज 
अपने दिल की मासूमियत 
माँ की लोरी में डाल
कितना भोला कितना प्यारा
कितना निश्छल कितना न्यारा
चन्द्रकिरन बन जाता|
हाँ, हमेशा कोई जल नहीं सकता
प्रचंड रूप में पल नहीं सकता
सूरज को चाँद बनना ही है
यही परिवर्तन है
यही सत्य है
यही शाश्वत है

...ऋता शेखर ‘मधु’

शनिवार, 22 नवंबर 2014

क़ातिल हूँ मैं


क़ातिल हूँ मैं
हाँ, क़त्ल करती हूँ
हर दिन क़त्ल करती हूँ
कुछ मासूम नन्हें ख्वाब का
कभी रुई के फाहे जैसे
सफ़ेद निश्छल स्वप्न का
मिटा देती हूँ
अनुभव के कठोर धरातल
पर उपज आए
आशाओ के इन्द्रधनुष को
हाँ दे देती हूँ विष
छोटी छोटी चाहतो को
चला देती हूँ खंजर
बड़े अरमानों पर
।
क़ि वजह क्या बताऊँ
कैसे बताऊँ
कि जन्मदाता के हाथों में
पंख कतरने वाली कैँची थी
कि हमकदम ने
हर कदम पर निगाह रखी
कि जिसे जनम दिया
अशक्त अरमानों की दवा
उसके हाथोँ में है
।
किसे कठघड़े में खड़ा करूँ
या कहाँ आत्मसमर्पण करूँ
ओ वामाओं', तुम भी सोचना
कहीँ तुम भी क़ातिल तो नहीं
।
सपनों की मज़ारों पर खिलती बहारेँ
हम भी ख़ुशी से उनको निहारें
एक दीप हर रोज़ रखते है जलाकर
घृत न सही डाल देते हैं अश्क
और जलता है दीप अनवरत...
रौशनी की खातिर मिसाल बनकर
*ऋता शेखर 'मधु'*

सोमवार, 10 नवंबर 2014

गुनगुनी सी धूप आई


गुनगुनी सी धूप आई
शरद बैठा खाट लेकर
मूँगफलियों को चटकता
मिर्च नींबू चाट लेकर

फुनगियों से हैं उतरती
हौले झूमती रश्मियाँ
फुदक रहीं डाल डाल पर
चपल चंचला गिलहरियाँ

चौपालों पर सजी बजीं
तरकारियाँ, हाट लेकर
गुनगुनाती हैं गोरियाँ
गेहुँएँ औ' पाट लेकर

छिल गईं फलियाँ मटर की
चढ़ी चुल्हे पर घुघनियाँ
क्यूँ होरियों से चल रहीं
ये पूस की बलजोरियाँ

बंधने लगीं लटाइयाँ
मँझे धागे काट लेकर
समेट रहीं परछाइयाँ
आगमन की बाट लेकर

गुनगुनी सी धूप आई
शरद बैठा खाट लेकर
*ऋता शेखर 'मधु'*
------------------------------