033. महादान (कविता) लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
033. महादान (कविता) लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 31 दिसंबर 2011

महादान

नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ
सुस्वागतम्

नया साल उत्साह नव, आया सबके पास|
कुछ तो नव कर लीजिए, बन जाए यह खास||


महादान
रखना था वचन का मान
दिव्य उपहार कवच कुण्डल का
कर्ण ने दे दिया दान|

 लोक हित का रखा ध्यान
दधिची ने दिया अस्थि दान
शस्त्र का हुआ निर्माण
हरे गए असुरों के प्राण|

 अनोखे दान को मिला स्थान|
दान कार्य जग में बना महान||

 विद्यादान वही करते
जो होते स्वयं विद्वान,
धनदान वही करते
जो होते हैं धनवान,
कन्यादान वही करते
जिनकी होती कन्या सन्तान,
रक्तदान सभी कर सकते
क्योंकि सब होते रक्तवान|

 रक्त नहीं होता
शिक्षित या अशिक्षत
अपराधी या शरीफ़
अमीर या गरीब
हिन्दू या ईसाई|
 यह सिर्फ़ जीवन धारा है,
दान से बनता किसी का सहारा है|

 रक्त कणों का जीवन विस्तार           
है सिर्फ़ तीन महीनों का|
क्यों न उसको दान करें हम
पाएं आशीष जरुरतमन्दों का|

 करोड़ों बूँद रक्त से
निकल जाए गर चन्द बूँद,
हमारा कुछ नहीं घटेगा
किसी का जीवन वर्ष बढ़ेगा|
                    
मृत्यु बाद आँखें हमारी
 खा़क में मिल जाएंगी,
दृष्टिहीनों को दान दिया
उनकी दुनिया रंगीन हो जाएगी|

रक्तदान सा महादान कर
जीते जी पुण्य कमाओ
नेत्र-सा अमूल्य अंग दान कर
मरणोपरांत दृष्टि दे जाओ|
                          
रक्तदान के समान नहीं
है कोई दूजा दान,
नेत्रदान के समान
है नहीं दूजा कार्य प्रधान|



                                         
              ऋता शेखर मधु