मन की किताब
कुछ खुले पृष्ठ
कुछ अधखुले से
कुछ मुड़े तुड़े
कुछ बन्द से
खुले पन्ने
शब्द-शब्द कहें
एहसास की कोमलता
जीवन की मधुरता
उत्साहित लम्हे
खिलती कलियाँ
उड़ती तितलियाँ
बासंती बहारें
ठंढी फुहारें
कलकल नदिया
चमचम सितारे
शीतल चाँदनी
मधु यामिनी
अधखुले कहें
वैसे सपने
जो हुए न अपने
काली बदरिया
रुपहली रेखाएँ
अरुण की लालिमा
अस्त की कालिमा
थिरकते कदम
बोझिल सा मन
दोपहर का साया
बरगद की छाया
परियों की उड़ान
दानव की माया
उत्साह से लेकर
नैराश्य तक
हर रंग के शब्द
मुड़े तुड़े पन्ने
कहानियाँ संघर्ष की
ठोकरों की
अपमान की
तिल तिल जलने की
लम्हा लम्हा सुलगने की
शूल के चुभन की
जीवन के थकन की
गिरि पर चढ़ने की
चढ़कर लुढ़कने
फिर से सँभलने की
चाहकर भी
सीधे नहीं हो पाते
मुड़े तुड़े पृष्ठ
बन्द पन्ने
अनुत्तरित प्रश्न
अनसुलझी गाँठें
कुछ कोरे पृष्ठ भी
जहाँ अंकित होंगे
भविष्य के इंद्रधनुष|
...ऋता
